गैर बागवानी इलाकों के विधायकों को विदेश दौरे पर भेजने के प्रस्ताव पर बवाल खड़ा हो गया है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार के नेतृत्व में चार विधायक ब्राजील जा रहे हैं। नाहन से अजय सोलंकी, अर्की से संजय अवस्थी, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल और इंदौरा से मलेंद्र राजन मार्केट का अध्ययन करने ब्राजील जाएंगे। राज्य मार्केटिंग बोर्ड ने इनके आगामी विदेश दौरे का प्रस्ताव सरकार को भेजा है।
सरकार के कार्मिक और वित्त विभाग से मंजूरी के बाद इसे केंद्र सरकार की अनुमति के लिए भेजा जाएगा। इस दौरे पर आपत्तियां उठना शुरू हो गई हैं। बागवानी संगठनों का कहना है कि विधायकों का विदेश दौरा बागवानों के लिए मिले बजट से हो रहा है। दौरा 1,164 करोड़ की बागवानी विकास परियोजना के शेष बचे बजट से किया जा रहा है।
यह बजट राज्य विपणन बोर्ड को दिया गया था। चूंकि बोर्ड बागवानी मंत्री के बजाय कृषि मंत्री के अधीन है, ऐसे में विदेश दौरे पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार के नेतृत्व में ही यह दल ब्राजील जा रहा है।
यह सही है कि उनके नेतृत्व में चार विधायक ब्राजील जा रहे हैं। प्रस्ताव कार्मिक और वित्त विभाग के विचाराधीन है। उसके बाद केंद्र से मंजूरी ली जानी है। यह दल ब्राजील में मार्केट के अध्ययन के लिए जा रहा है।
- चंद्र कुमार, कृषि मंत्री
संयुक्त किसान मंच के संयोजक हरीश चौहान ने कहा कि बागवान और वैज्ञानिक अधिकारी ही विदेश जाने चाहिएं। कृषि मंत्री या बागवानी मंत्री के जाने से आपत्ति नहीं है, पर गैर सेब बागवानी क्षेत्र के विधायकों के जाने का कोई औचित्य नहीं है।