हिमाचल में चुनाव पहाड़ पर फतह पाने से कम नहीं। लेकिन हिमाचली मतदाताओं ने ये चुनौती पार की। विकट भौगालिक स्थिति वाले इस सूबे के विधानसभा चुनाव में रिकार्ड 74 फीसदी वोट पड़े। नई सरकार चुनने के लिए हर उम्र के मतदाता में गजब का उत्साह दिखा। विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र हिक्कम के वोटरों के जज्बे को सलाम है, जहां माइनस 8 डिग्री पर 84 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।
बूढे़, युवा और महिलाओं ने भारी संख्या में पहुंचकर मतदान किया। मंडी के नाचन में 115 साल की बुजुर्ग कलावती वोट देने से कतराने वालों के लिए मिसाल बनी, इस उम्र में भी वो अपने परिजनों की गोद में पोलिंग बूथ तक पहुंची। कुल्लू जिले में हिमाचली परिधान में सेहरा पहने एक दूल्हा जब मतदान केंद्र पहुंचा तो हलचल मच गई।
ये वोटर युवाओं के लिए एक नजीर बन गया। युवा मतदाताओं में जोश दिखा तो महिलाओं ने लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार किया। मतदान के दिन सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक मतदान के उत्साह के सामने कठिन हालात भी बौने साबित होते रहे। सूबे के लिए सबसे गर्व की बात ये कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।