हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सपोर्ट स्टाफ की सैलरी में करीब चार साल बाद 15 से 30 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। एचपीसीए के कोच, ट्रेनर, फिजियो और ऑफिस स्टाफ को सैलरी में 5,000 से लेकर 30,000 तक फायदा होगा। सपोर्ट स्टाफ का वेतन उनके कार्यकाल और अनुभव के आधार पर बढ़ाया जाएगा। दिसंबर 2021 में हुई एजीएम की बैठक में ग्राउंड स्टाफ की सैलरी में बढ़ोतरी की गई थी।
वीरवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में उपाध्यक्ष आरपी सिंह की अध्यक्षता में हुई अप्रैक्स काउंसिल की बैठक में यह फैसला किया गया। बैठक में एचपीसीए के कोषाध्यक्ष अवनीश परमार, अप्रैक्स काउंसिल के सदस्य विशाल शर्मा, चंद्रशेखर मेहता, नैन कटोच और विजेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में क्रिकेट सीजन में विभिन्न अंतर जिला प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन पर भी चर्चा की गई।
धर्मशाला स्टेडियम में अंडर-19 गर्ल्स क्रिकेट अकादमी शुरू करने पर फैसला किया गया। जुलाई के दूसरे सप्ताह के पहले अकादमी शुरू की जाएगी। एचपीसीए के उपाध्यक्ष एवं क्रिकेट संचालन समिति के चेयरमैन आरपी सिंह ने बताया कि अप्रैक्स काउंसिल की बैठक में सपोर्ट स्टाफ की सैलरी 15 से 30 फीसदी बढ़ाने का फैसला लिया गया है। कहा कि जुलाई में धर्मशाला स्टेडियम की अंडर-19 महिला आवासीय अकादमी भी शुरू कर दी जाएगी। इसकी तैयारियां जोरों से चल रही हैं। स्टेडियम की पुरानी आउटफील्ड को उखाड़ कर नई आउटफील्ड का काम दिसंबर के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
किसी कितना होगा लाभ
एचपीसीए में कार्यकाल और अनुभव के आधार पर कोच, ट्रेनर, फिजिओ को सैलरी दी जाती है। अब वेतन में भी इसी आधार पर वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में जूनियर से लेकर सीनियर कोच की सैलरी 25 हजार से एक लाख रुपये तक है। जूनियर ट्रेनर से सीनियर ट्रेनर की सैलरी 20,000 से 70,000 तक है। फिजिओ की सैलरी भी 20,000 से 65,000 हजार रुपये तक है। सैलरी बढ़ने से सीनियर कोच की सैलरी सवा लाख से अधिक हो जाएगी। सीनियर ट्रेनर की सैलरी एक लाख के करीब होगी तथा फिजिओ की सैलरी भी एक लाख तक पहुंचेगी।
एजीएम की बैठक में बढ़ाई थी ग्राउंड स्टाफ और खिलाड़ियों की मैच फीस
19 दिसंबर, 2021 को धर्मशाला स्टेडियम में हुई एजीएम की बैठक में ग्राउंड स्टाफ के कर्मचारियों का वेतन 16 प्रतिशत तक बढ़ाया गया था। इससे कर्मचारियों की सैलरी में एक हजार से लेकर ढाई हजार रुपये तक बढ़ोतरी हुई थी। जूनियर खिलाड़ियों की मैच फीस 5,000 से 10,000 रुपये और सीनियर खिलाड़ियों की मैच फीस 12,000 से बढ़ाकर 20,000 रुपये की गई थी।