आठ जगह बाद फटने की घटनाएं सामने आईं: सीएम सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मंडी में आठ जगह बाद फटने की घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभिक आकलन में 500 करोड़ नुकसान की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। ब्यास नदी उफान पर है। नादौन में ब्यास किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ है। कुछ जगहों से नुकसान के अपडेट लगातार रहे हैं ऐसे में नुकसान का आंकड़ा बढ़ सकता है। मुख्यमंत्री सुक्खू मंगलवार को गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में सहायक लोक अभियोजक के निर्मित भवन के लोकार्पण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश वासियों से अपील की है कि नदी नाम के किनारे न जाएं। सभी लोग नदी नालों से करीब 500 मीटर की दूरी पर रहे। भूस्खलन से एक परिवार के सदस्यों के प्रभावित होने की सूचना है। यहां पर कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी है।
लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के खतरे के कारण, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर हमीरपुर जिले के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे।
मंडी निवासी सुशील ने कहा कि "मंडी में रात से भारी बारिश हो रही है और ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। कई जगहों पर भूस्खलन भी हो रहा है।
गत रात्रि से जारी भारी बारिश एवं भूस्खलन तथा अधिकांश सड़क मार्ग बाधित होने इत्यादि के कारण पैदा हुई परिस्थितियों के मद्देनजर जीवन की सुरक्षा के दृष्टिगत मंडी जिला प्रशासन ने 1 जुलाई, 2025 को मंडी जिला के अंतर्गत सभी स्कूल व अन्य शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का निर्णय लिया है
-जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी
सरकार पूरी गंभीरता के साथ हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध: सीएम
वहीं मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि करसोग, धर्मपुर, मंडी सदर, नाचन और सराज क्षेत्रों में बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण जान-माल के नुकसान के समाचार अत्यंत पीड़ादायक तथा चिंताजनक हैं। इस दुखद घड़ी में, मैं प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करने के साथ ही उन्हें आश्वस्त करता हूं कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने कहा कि वह जिला प्रशासन के निरंतर संपर्क में रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं, ताकि जरूरतमंदों तक त्वरित और प्रभावी सहायता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने का अनुरोध किया है।