हालांकि पूर्व में भी इन तीनों सीमेंट कंपनियों ने दो बार सीमेंट के दाम बढ़ाए थे। लेकिन जनता के भारी आक्रोश और विपक्ष के दबाव में प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन से पहले सीमेंट कंपनियों से बात की थी। जिसके बाद सीमेंट कंपनियों ने प्रति बैग दो रुपये और बाद में पांच रुपये की दर से दाम कम किए थे। लेकिन अब लॉकडाउन के बीच ही सीमेंट कंपनियों ने जिस तरह से सीमेंट के दाम बढ़ाए हैं, वह लोगों की समझ से परे है।
पहले स्टोन क्रशर संचालकों की हड़ताल और कोरोना लॉकडाउन के चलते करीब दो माह से निर्माण कार्य ठप रहे थे। अब सरकार ने अनुमति लेकर शर्तों के साथ निर्माण कार्यों को शुरू करने की मंजूरी दे दी है। ऐसे में निर्माण कार्यों के लिए बिल्डरों, ठेकेदारों और आम लोगों को सीमेंट की जरूरत है। इस बीच, सीमेंट कंपनियों ने चुपचाप दाम बढ़ाकर लोगों को झटका दे दिया है।
हमीरपुर में अंबुजा और सीमेंट कंपनी के डीलरों ने कहा कि सीमेंट के दाम में नौ से साढ़े नौ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि पीछे से सीमेंट महंगा आ रहा है। उधर, अंबुजा सीमेंट कंपनी के ब्रांच हेड हेमंत शर्मा ने कहा कि सभी सीमेंट कंपनियों के दाम बढ़े हैं। वहीं एसीसी सीमेंट कंपनी के स्टेट हेड चंदन चटर्जी ने कहा कि वह अभी व्यस्त हैं। बाद में बात की जाएगी।