मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के तय कार्यक्रम में अंतिम समय पर हुए बदलाव ने जिला कांगड़ा की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 27 जून की सुबह गगल एयरपोर्ट पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से बड़ा भंगाल जाने वाले थे, लेकिन अब चंडीगढ़ से सीधे शिमला लौटने के बजाय उनका अचानक धर्मशाला में रुकना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब 27 जून को जिला परिषद कांगड़ा की नवनिर्वाचित परिषद की परिचय बैठक प्रस्तावित है। वहीं 29 जून को नगर निगम धर्मशाला के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होना है। ऐसे में मुख्यमंत्री की धर्मशाला में मौजूदगी को इन दोनों महत्वपूर्ण स्थानीय निकायों की गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।