पंद्रह अक्तूबर को दिल्ली और 29 अक्तूबर को हिमाचल के कोटखाई में होने वाले बॉक्सिंग के प्रोफेशनल मुकाबलों में प्रदेश पुलिस के दो जवान भी मुक्के बरसाएंगे। ऐसा पहली मर्तबा है जब हिमाचल के मुक्केबाज प्रोफेशनल मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। इन दिनों ये दोनों मुक्केबाज प्रदेश के बॉक्सिंग कोच अनुराग वर्मा की देखरेख में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
15 अक्तूबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में प्रोफेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में हिमाचल पुलिस की थर्ड आईआरबी में तैनात गीतानंद अपने पंच बरसाएंगे। प्रतियोगिता में देश और विदेश के मुक्केबाज अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
इसके अलावा सीएम सिक्योरिटी में तैनात रामपुर के दिग्विजय सिंह मेहता कोटखाई में होने वाले बॉक्सिंग मुकाबलों में हिमाचल का नाम रोशन करेंगे। बॉक्सिंग कोच अनुराग वर्मा दोनों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
प्रोफेशनल बॉक्सिंग ऑर्गेनाइजेशन इंडिया (हिमाचल प्रदेश) के अध्यक्ष महेंद्र स्तान और महासचिव मुकेश मेहता ने बताया कि प्रदेश के युवा मुक्केबाज पहली बार इन मुकाबलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इससे पूर्व ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। पुलिस महकमे में व्यस्त कार्यप्रणाली के बाद भी ये दोनों मुक्केबाज प्रदेश का नाम रोशन करने में जुटे हैं।