कुल्लू दशहरे में ड्यूटी दे रहे जवान एक स्कूल में ठहराए गए। लेकिन इन जवानों ने यहां ऐसा काम कर डाला कि स्कूल पहुंचे छात्र और शिक्षक भी दंग रह गए। मामला हिमाचल के कुल्लू का है। यहां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढालपुर में सैकड़ों शराब की खाली बोतलों का जखीरा बरामद हुआ है। यहां दशहरा उत्सव में अपनी सेवाएं देने के लिए पुलिस कर्मियों को ठहराया गया था।
लिहाजा, ये बोतलें भी पुलिस कर्मियों ने ही गटकीं होंगी। ऐसे में कानून के रखवालों ने प्रशासन के नाक तले अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान शिक्षा के मंदिर को सात दिनों तक मयखाना बनाए रखा। लेकिन, जिला प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी और स्कूल प्रशासन भी इस मसले को लेकर मूक दर्शक बना रहा जबकि कायदे से स्कूल प्रशासन को इसकी शिकायत जिला प्रशासन को करनी चाहिए थी।