पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा फर्जीवाड़े की जांच के लिए गठित एसआईटी अब उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में भी दबिश देगी। एसआईटी दूसरे राज्यों में संचालित संदिग्ध कोचिंग सेंटरों का रिकॉर्ड खंगालेगी। एसआईटी जल्द ही दूसरे राज्यों के पकड़े गए सॉल्वरों और उनके हेल्परों के बताए गए पतों पर भी दबिश देगी। एसआईटी अभी तक मामले में संलिप्त 21 युवकों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इनमें से हरियाणा से सात, उत्तर प्रदेश से दो और एक व्यक्ति राजस्थान से है। इसके अलावा एसआईटी ने जिला कांगड़ा के 11 युवकों को भी गिरफ्तार किया है, जिसमें से नूरपुर क्षेत्र के युवकों की संख्या अधिक है। अब तक पकड़े गए आरोपियों में हरियाणा से संबंध रखने वालों में अनुराग, बलजिंद्र सिंह, कुलदीप, सुभाष, ओमवीर, जयदीप और अनूप शामिल हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से प्रशांत और रघुवीर, जबकि राजस्थान से आशीष को गिरफ्तार किया गया है।
वहीं जिला कांगड़ा से संबंध रखने वालों में जवाली से रुस्तम, नूरपुर से वीरेंद्र, नूरपुर से राना मोहन, कंडवाल से अंकुश, गंगथ से अखिल, जवाली से मुनीष, नूरपुर से मनोज, बैजनाथ से विनीत और सोनू जरियाल और कमल व रजत जवाली से हैं।
एसपी विमुक्त रंजन ने बताया कि एसआईटी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान पुलिस से संपर्क कर रही है। शीघ्र ही इन राज्यों में दबिश दी जाएगी। साथ ही पकड़े गए आरोपियों का भी रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।