सीएम ने कहा कि सरकार पेंशनरों की समस्याओं को लेकर गंभीर है। पेंशनरों को महंगाई भत्ते (डीए) की एक और किस्त जारी करने पर भी विचार किया जा रहा है। अगस्त में भी सरकार ने क्लास-3 पेंशनरों को 35 और क्लास-1 और क्लास-2 के पेंशनरों को 15 प्रतिशत पेंशन एरियर जारी करने की घोषणा की थी। अक्तूबर में प्रस्तावित भुगतान के बाद क्लास-3 पेंशनरों का 20 और क्लास-1 एवं क्लास-2 के पेंशनरों का 50 प्रतिशत पेंशन एरियर बाकी रहेगा। सरकार पहले ही 65 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों का एरियर जारी कर चुकी है। सीएम ने कहा कि सभी विभागों को पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
वित्त विभाग ने पेंशन वितरण प्राधिकरणों (पीडीए) के तहत सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को भी एरियर की गणना और भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी पेंशनर को पहले पेंशन या पारिवारिक पेंशन की अतिरिक्त राशि मिली है और उसकी वसूली बनती है तो उसे भी एरियर में समायोजित किया जाएगा। इसके अलावा पेंशनर की क्लास तय करने के लिए पूर्व में घोषित प्रावधान लागू होंगे।