हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज संस्थाओं में इस बार 31,214 पदों पर चुनाव होने जा रहे हैं। इस बार पंचायतीराज संस्थाओं में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का दबदबा रहेगा। प्रदेश में 15,656 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। 1900 महिलाओं के हाथ प्रधानी रहेगी। वहीं, पंचायत सदस्य के लिए 12,709, पंचायत समिति सदस्य 919 और जिला परिषद सदस्य के लिए 128 महिलाओं को चुना जाना है। प्रदेश में पंचायत प्रधान के 3,758 पदों में से 453 पद अनुसूचित जाति (एससी) के लिए, 508 पद एससी महिलाओं के लिए, 138 पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए तथा 151 पद एसटी महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 116 और ओबीसी महिलाओं के लिए 146 पद निर्धारित किए गए हैं। प्रधान पदों में कुल 1,095 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 1,151 पद अनारक्षित श्रेणी में आते हैं। कुल मिलाकर 1,900 पद महिलाओं के हिस्से में गए हैं।