हिमाचल युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष निगम भंडारी ने कहा कि 14 मार्च को युवा कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी। सभी जिला प्रभारियों से जिलों और ब्लॉक स्तर पर अभी तक किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट ली गई है। प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों, सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों, प्रदेश मीडिया विभाग, लीगल सैल और सोशल मीडिया के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है, जिससे घेराव के लिए ज्यादा से ज्यादा युवाओं को लाया जाए। विधानसभा घेराव में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव और प्रभारी भारतीय युकां कृष्णा अल्लावरू और युकां राष्ट्रीय अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास भी आएंगे।
प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष निगम भंडारी की अध्यक्षता में रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में हुई। इसमें भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव और प्रदेश प्रभारी अमरप्रीत लाली और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह भी विशेष तौर पर मौजूद रहे। प्रभारी अमरप्रीत लाली ने कहा कि सभी एकजुट होकर 14 मार्च के विधानसभा के घेराव को सफल बनाएं। कहा कि इसी साल शिमला नगर निगम और विधानसभा के चुनावों के लिए भी डट जाएं।
भंडारी ने कहा कि प्रदेश भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। जनता महंगाई की मार से त्रस्त है और प्रदेश सरकार मस्त है। कर्मचारी वर्ग अपने हकों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहा हैं। उनकी सुनवाई तो दूर की बात है उनके संघर्ष को कुचलने के लिए लाठीचार्ज किया गया। प्रदेश में लगातार हो रहे धरना प्रदर्शन जयराम सरकार की विफलता को दर्शाता है। प्रदेश में कानून व्यवस्था शून्य के समान है। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नौजवान एकजुट होकर केंद्र और प्रदेश भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ डट जाएं।