इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवार्ड ऑफ शिमला से पुरस्कृत हिंदी फिल्म टी शॉप एट नारकंडा ने जहां राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त की है, वहीं फिल्म में अभिनय करने वाले आनी के करीब बीस युवकों के अभिनय की भी राष्ट्रीय स्तर पर तारीफ हुई है। फिल्म में जहां आनी की खूबसूरत वादियों के दीदार किए जा सकते हैं, वहीं यहां की संस्कृति की झलक भी पर्दे पर चार चांद बिखेर रही है। फिल्म एक युवक के संघर्ष पर आधारित है।
इसमें आपात घटना होने पर युवक अपना सब कुछ खो देता है। एक नए इरादे के साथ युवक संघर्षों और चुनौतियों के बाद फिर एक नया मकाम हासिल करता है। इस प्रेरणादायक कहानी का मुख्य पात्र आनी का युवक कर्ण बिरजू की भूमिका में है। कुल्लू के फिल्म निर्माता हिमाल ने कहा कि टी शॉप एट नारकंडा फिल्म की शूटिंग 2018 में शिमला, नारकंडा, आनी, चोहानी, रामपुर, जलोड़ी पास, सोझा, कुल्लू जिले के विभिन्न स्थानों में की गई। इसमें आनी सहित कुल्लू, मंडी के कलाकारों ने काम किया है।
टी शॉप नारकंडा फिल्म की स्क्रीनिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल शिमला में की गई है। फिल्म को भारी दर्शकों ने पसंद किया है। फिल्म में कर्ण शर्मा, ललिता, राज कटोच, अमर राठौर, वंशिका कौशल, सुमित, सतेंद्र, गोल्डी, चमन शर्मा, पिंकी और संजू ने भूमिका निभाई है। टी शॉप नारकंडा फिल्म को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फिल्म अवार्ड के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टी शॉप एट नारकंडा फिल्म के निर्देशक एवं पूरी टीम कुल्लू और आनी के गांव कलाकारों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने फिल्म अवार्ड देकर निर्माता हिमाल को पुरस्कृत किया।