स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए 28 अक्तूबर से जियो टीवी से भी पढ़ाई शुरू हो जाएगी। पहले चरण में पढ़ाई के लिए तीन चैनल शुरू होंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर योजना का शुभारंभ करेंगे। पहली से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई में इस माध्यम से मदद मिलेगी। इसके अलावा वोकेशनल और डिप्लोमा इन एलीमेंट्री के पाठ्यक्रम को भी जियो टीवी के माध्यम से पढ़ाया जाएगा।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि जियो टीवी पांच चैनलों के माध्यम से पढ़ाई करवाएगा। पहले चरण में तीन चैनल शुरू किए जा रहे हैं। पहला चैनल प्री प्राइमरी से आठवीं कक्षा तक के लिए है। दूसरा नौवीं से बारहवीं और तीसरा चैनल वोकेशनल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया है। चौथे चैनल पर डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन के छात्रों की पढ़ाई करवाई जाएगी।
पांचवां चैनल पढ़ाई से हटकर होगा। इस चैनल पर विभाग जागरूकता कार्यक्रम चलाएगा। स्वच्छता अभियान, कोरोना महामारी से कैसे बचाव किया जा सकता है, फिट इंडिया मूवमेंट के वीडियो इस पर शेयर किए जाएंगे। जियो सावन पर नौवीं से बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए आडियो कार्यक्रम चलेंगे।
जियो टीवी पर हर घर पाठशाला कार्यक्रम चलाया जाएगा। इन चैनलों को मोबाइल फोन पर कभी भी, कहीं भी देखा जा सकेगा। शिक्षण सामग्री का डिजिटल कंटेंट 24 घंटे इन चैनलों पर रहेगा। उन्होंने बताया कि रिलायंस जियो इंफोकॉम लिमिटेड के साथ अगस्त में इसको लेकर एमओयू साइन हो चुका है।