राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार उन्मूलन ब्यूरो मंडी ने सुंदरनगर के कलौहड़ में एक पटवारी को 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की पुष्टि अतिरिक्त एसपी विजिलेंस कुलभूषण वर्मा ने की है।
जानकारी के अनुसार आरोपी पटवारी दलीप सिंह कलौहड़ में तैनात है। शिकायतकर्ता से वह ततीमा की एवज में पैसे की मांग कर रहा था। बार-बार पटवारखाने के चक्कर काटने के बाद शिकायतकर्ता को ततीमा नहीं दिया गया तो उसने इसकी शिकायत विजिलेंस थाने में दी।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस ने जाल बिछाया और वीरवार देर शाम आरोपी ने शिकायतकर्ता को पैसे लेकर पटवार सर्कल आने को कहा। इस दौरान पटवारी को पैसे लेते समय विजिलेंस ने रंगेहाथ पकड़ लिया।