शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के करीब सात लाख अभिभावकों के साथ 16 से 19 अक्तूबर तक शिक्षकों का संवाद होगा। पहली से जमा दो कक्षा के विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ सरकार ने दोबारा से ई पीटीएम करने का फैसला लिया है। बीते दिनों हुईं फर्स्ट टर्म परीक्षाओं के नतीजे अभिभावकों के साथ साझा किए जाएंगे। कोरोना से बचाव को लेकर भी शिक्षक जागरूक करेंगे।
कुछ अभिभावकों के साथ शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर स्वयं भी ई पीटीएम करेंगे। अगस्त में पहली बार सरकारी स्कूलों में ई पीटीएम हुईं थीं। चार दिन तक चली बैठकों में 48 हजार शिक्षकों ने 7.05 लाख अभिभावकों के साथ संवाद किया था। अब दूसरी कड़ी में 16 अक्तूबर से ई पीटीएम शुरू होंगी। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने बताया कि कोरोना के चलते स्कूल बंद होने के बावजूद अभिभावकों के साथ संवाद कायम रखने को ई पीटीएम दोबारा करवाने का फैसला लिया है।
फर्स्ट टर्म परीक्षा के नतीजों को लेकर अभिभावकों के साथ चर्चा की जाएगी। जिन विषयों में विद्यार्थी कमजोर हैं, वहां और अधिक मजबूती के साथ पढ़ाई करवाने को लेकर चर्चा की जाएगी। कोरोना से बचाव को लेकर भी जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों के जागरूक होने से उनका परिवार और आस-पड़ोस भी जागरूक होगा। मंत्री ने कहा कि कुछ अभिभावकों के साथ वह स्वयं भी संवाद करेंगे।