हमीरपुर जिले की तहसील गलोड़ के दसवीं गांव में आधी रात को अज्ञात हमलावरों ने एक अधेड़ व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत गोइस के डडोह गांव निवासी राकेश कुमार (53) उर्फ पिंका के रूप में हुई है। मृतक के शरीर पर जगह-जगह पिटाई के जख्म हैं। इसके चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। शुक्रवार सुबह शव को सड़क पर रखकर परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम किया और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर शक के आधार पर छह लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया है। मामले की छानबीन चल रही है। मृतक राकेश कुमार दिहाड़ी-मजदूरी करता था। उसकी पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है और उसकी बुजुर्ग माता व बेटी ही घर पर है। राकेश कुमार का शव दसवीं गांव के वट वृक्ष के नीचे शुक्रवार सुबह बरामद हुआ।
गोइस पंचायत उपप्रधान बालक राम ने बताया कि वीरवार मध्यरात्रि करीब पौने एक बजे उसे दसवीं की वार्ड सदस्य किरण कुमारी ने फोन पर जानकारी दी थी कि राकेश कुमार दसवीं में एक घर में घुसने की कोशिश कर रहा था जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस चौकी गलोड़ को दी। पुलिस भी रात को मौके पर गई थी। यहीं से ही ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर शंका जाहिर करते हुए न्याय की मांग की है। बता दें कि एक वीडियो भी वायरल हुआ है जिसमें दसवीं गांव के कुछ ग्रामीणों द्वारा राकेश को रस्सी से बांधा हुआ दिखाया गया है। राकेश के परिवार व गांववासियों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
गांववासियों ने गलोड़ से फाहल टिप्पर सड़क पर डडोह गांव के पास शव को सड़क पर रखकर यातायात अवरुद्ध करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ठाकुर और एसएचओ बड़सर मस्तराम नाईक ने कहा कि घटनास्थल का दौरा करके शव को कब्जे में लेकर ग्रामीणों के बयान लिए हैं। शव को पोस्टर्माटम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेज दिया गया है। पुलिस ने शक आधार पर छह लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की निष्पक्ष जांच जारी है।