नालागढ़-बद्दी एनएच पर खेड़ा के समीप सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मृतक जिला कांगड़ा और मंडी के निवासी हैं। हादसा देर रात पेश आया जब दोनों युवक बाइक पर नालागढ़ की तरफ जा रहे थे। इस दौरान बाइक बस के पीछे टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे गंभीर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
कांगड़ा के 28 वर्षीय शाहपुर निवासी विक्रांत और मंडी जिले के करसोग निवासी 23 वर्षीय संजय इंडोरामा कंपनी में ड्यूटी पर थे। दोनों रात को 11 बजे ड्यूटी के बाद नालागढ़ की ओर बाइक पर जा रहे थे। विक्रांत बाइक चला रहा था और संजय पीछे बैठा था। जब वह खेड़ा के समीप पहुंचे तो बाइक बस से जा टकराई। इससे बाइक चालक विक्रांत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संजय बेहोश हो गया।
बेहोशी की हालत में उसे बस में सवार अन्य कामगारों ने नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद संजय को पीजीआई रेफर कर दिया गया लेकिन उसने पीजीआई पहुंचते ही दम तोड़ दिया। मानपुरा पुलिस ने दोनों युवाओं के परिजनों को घटना के बाद सूचित कर दिया।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर कर दी है।