ऊना जिले के अपर बसाल क्षेत्र में सोमवार रात को गोली लगने से स्वर्ण कारोबारी की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मृतक के एक साथी और उसके बेटे को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया है। पुलिस जांच कर रही है कि गोली चलने के क्या कारण रहे। फिलहाल, मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
नीतू चौहान पत्नी अरविंद चौहान निवासी गांव चरोला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि सोमवार को मोहम्मद असलम खान निवासी लडभड़ोल (मंडी) और उसका बेटा दुकान पर आया। महिला ने बताया कि इस दौरान उनका पति और असलम खान दोनों गाड़ी में चले गए।
रात को उन्होंने पति को फोन किया तो उन्होंने बताया कि वह बसाल के पास हैं। कुछ समय बाद उनके पति अरविंद ने फोन नहीं उठाया। किसी अन्य व्यक्ति ने फोन उठाया तो पता चला कि अरविंद को गोली लगी है। गंभीर रूप से अरविंद को ऊना अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी नीतू ने अरविंद चौहान के साथी असलम खान पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। उधर, सूचना मिलने के बाद एएसपी विनोद धीमान ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने भी अहम साक्ष्य जुटाए।
उधर, एएसपी विनोद धीमान ने कहा कि पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर 304 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव का टांडा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।