सिरमौर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवार मतदाता सूची से नाम गायब होने तो कई अशुद्धियां होने से हैरान हैं। इनमें कई उम्मीदवार प्रधान तो कई वार्ड पंच का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। ऐन वक्त पर उम्मीदवारों को अब जिला प्रशासन के साथ पंचायत अधिकारी के कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। वोटर लिस्ट में नाम दर्ज कराने की अंतिम तिथि भी निकल चुकी है। इससे उम्मीदवारों के चुनाव लड़ने पर भी संशय बना हुआ है।
उम्मीदवारों का कहना है कि वे लंबे समय से मतदान करते आ रहे हैं, लेकिन इस बार उनके नाम मतदाता सूची में नहीं हैं। पच्छाद विकास खंड की काटली पंचायत के संजीव ने बताया कि वह वार्ड मेंबर का चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में नाम संजीव शर्मा किया गया है। नाम दुरुस्ती को कई बार आवेदन किया, लेकिन इसे अपडेट नहीं किया गया।
इसी पंचायत की सपना देवी बीडीसी का चुनाव लड़ रही हैं। उनका नाम भी वोटर लिस्ट में नहीं है।
उन्होंने बताया कि वह इससे पहले भी वोट डाल चुकी हैं, लेकिन इस बार उनका नाम लिस्ट में नहीं है। उधर, जिला पंचायत अधिकारी अंचित डोगरा ने माना कि कई लोग मतदाता सूची में नाम गायब होने की शिकायत लेकर आ रहे हैं, लेकिन इसकी अंतिम तिथि निकल चुकी है। वोटर लिस्ट में नाम चढ़ाने तथा अशुद्धियों को दुरुस्त कराने को पहले ही समय दिया था।
निकाय चुनाव में पांवटा साहिब वार्ड-1 से आप पार्टी समर्थित प्रत्याशी अमरप्रीत कौर नामांकन दाखिल नहीं कर सकीं। उनका नाम मतदाता सूची से गायब है। प्रत्याशी के परिवार की अन्य महिला सदस्यों के नाम भी सूची में नहीं हैं। उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि चुनाव आयोग को पत्र भेजा जा रहा है। परिवार कोर्ट का दरवाजा खटखटाने पर भी विचार कर रहा है।
अमरप्रीत कौर और आप पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष जयवंती शर्मा ने कहा कि पांवटा साहिब के वार्ड-1 से आप पार्टी समर्थित प्रत्याशी थीं, लेकिन मतदाता सूची से नाम गायब है। परिवार की सभी महिला मतदाताओं के नाम ही गायब हैं। अब चुनाव लड़ना तो दूर वोट भी नहीं डाल सकती हैं।
अमरप्रीत कौर ने कहा कि जिला और स्थानीय प्रशासन से मुद्दा उठाया गया है। इसकी जांच होनी चाहिए कि वोटर लिस्ट से नाम कैसे गायब हो गए। आप पार्टी प्रदेश उपाध्यक्ष जयवंती शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ विरोधियों ने संभवतया ऐसा करवाया है।