हाटकोटी में बैठक करने पहुंचे चेतन सिंह बरागटा।
- फोटो : संवाद
जुब्बल जोन के कार्यकर्ताओं के साथ चेतन सिंह बरागटा ने रविवार को बैठक की। भाजपा से निष्कासित होने के बाद बावजूद बैठक में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उपस्थिति दर्ज करवाई। दिलचस्प बात यह रही कि चेतन बरागटा के समर्थकों ने नरेंद्र मोदी को जय श्रीराम के नारे लगाए। बैठक में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस वर्ष विधानसभा चुनाव और नगर निगम शिमला के चुनाव प्रस्तावित हैं।
ऐसे में चुनाव से पहले चेतन बरागटा की सक्रियता से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने बैठकों के साथ-साथ जन संपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है। बैठक में बरागटा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरे आदर्श हैं। समर्थकों का सहयोग और एकता ही मेरी ताकत है। मेरे पिता नरेंद्र बरागटा का जीवन संघर्षशील रहा। मैं भी उनके पद चिह्नों पर चलते हुए संघर्षरत रहूंगा। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित ठाकुर ठियोग-हाटकोटी सड़क का राग अलापना छोड़ दें क्योंकि सड़क का कार्य लगभग समाप्ति पर पहुंच गया है। पुलों का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।
ठियोग-हाटकोटी सड़क के कार्यों को गति देने के लिए दिवंगत नरेंद्र बरागटा ने बजट की व्यवस्था करवाई थी। उन्होंने जुब्बल को भी स्थायी एसडीएम कार्यालय देने की मांग उठाई और कहा कि वह इस मांग को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष रखेंगे। पानी की ब्रिक्स योजना, सरस्वतीनगर का सिंथेटिक ट्रैक, गिरी गंगा कुपड़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना और देवरीघाट में पैरा ग्लाइडिंग जैसे कार्य को गति देने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी।