अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया का 20 मार्च को अंतिम दिन है। युवा ऑनलाइन पंजीकरण 20 मार्च को रात 11: 59 बजे तक कर सकते हैं। निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी। उसके बाद भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा।
आवेदन के इच्छुक युवा वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर लॉगइन कर सकते हैं। ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए, ताकि भविष्य में उससे संपर्क किया जा सके। पंजीकरण के समय उम्मीदवार अपनी सुविधा के अनुसार पांच संभावित परीक्षा केंद्रों के नाम दे सकते हैं।
उम्मीदवारों को पहले तीन स्थानों में से किसी एक को परीक्षा केंद्र के रूप में आबंटित करने का प्रयास किया जाएगा। आवंटित परीक्षा केंद्र को बदलने के लिए कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा और उम्मीदवार को लिखित परीक्षा के लिए निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार ही आना होगा।
आवेदन के समय उम्मीदवार अपना आधार नंबर अवश्य लिखें तथा अपना नवीनतम फोटो ही अपलोड करें। परीक्षा के समय उम्मीदवारों को अपने एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंट और आधार कार्ड साथ लाना होगा। आवेदन के संबंध में उम्मीदवारों के मार्गदर्शन के लिए वेबसाइट पर वीडियो भी अपलोड किए गए हैं।
इन वीडियो को देखकर युवा आसानी से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा के अभ्यास के लिए भी ऑनलाइन लिंक दिए गए हैं। इन लिंक पर क्लिक करके उम्मीदवार ऑनलाइन परीक्षा का अभ्यास कर सकते हैं। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने कहा कि अग्निवीर भर्ती की ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 20 मार्च तक है।