एक दिवसीय इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक जागरूकता अभियान के तहत पूरे प्रदेश के डाकघरों में बीते दिन विशेष कैंप लगाया गया। शिविर में लोगों के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के खाते खोले गए और कोविड महामारी के इस काल के दौरान घर बैठे बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पूरे प्रदेश में एक ही दिन में लगभग 13000 खाते खोले गए।
इनमें ऊना डाक मंडल ने ही अकेले 3800 से अधिक लोगों के खाते खोले। डाक अधीक्षक रामतीर्थ शर्मा ने कहा कि इसके लिए ऊना डाक मंडल का हर कर्मचारी बधाई का पात्र है। यह खाता पूर्णतया पेपर लेस व्यवस्था पर आधारित है, जिसमें लेनदेन पूर्णतया डिजिटल माध्यम द्वारा किया जाता है।
इसके अलावा जमा एवं निकासी की सुविधा खाताधारक अपने घर द्वार पर पोस्टमैन के माध्यम से ले सकते हैं। इस खाते की सहायता से खाताधारक घर बैठे ही ऐप के माध्यम से आरडी जमा, सुकन्या खाते में जमा, पीपीएफ जमा, बिजली का बिल, मोबाइल एवं डिश रीचार्ज, आधार से जुड़ी सब्सिडी, पेंशन प्राप्ति, नेफ्ट आदि की सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं।