हिमाचल प्रदेश में प्रोटेम स्पीकर की शपथ अब 20 दिसंबर को हो सकती है। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू के शिमला में उपस्थित न होने की स्थिति में इस शपथ समारोह का समय अब 19 के बजाय 20 दिसंबर किया जा सकता है। पहले यह शपथ समारोह 19 दिसंबर को दस बजे और उसके बाद शाम साढे़ पांच बजे तय किया था। अब यह दूसरे दिन के लिए टाला जा सकता है। इसकी वजह यह भी बताते हैं कि 19 दिसंबर को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का मोदी से मिलने का कार्यक्रम है। सुक्खू प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
हिमाचल प्रदेश में विधायकों को शपथ दिलाने के लिए जवाली के कांग्रेस विधायक चंद्र कुमार को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। चंद्र कुमार धर्मशाला में विधायकों को शपथ दिलाएंगे। धर्मशाला के तपोवन में 22 दिसंबर से प्रदेश विधानसभा का शीत सत्र शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 22 से 24 दिसंबर तक चलेगा। इसमें पहले दिन यानी 22 दिसंबर को सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। 23 दिसंबर को विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और राज्यपाल का अभिभाषण भी होगा। 24 दिसंबर को शोकोद्गार होगा। इसी दिन शासकीय और विधायी कार्य होंगे। राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतीकरण, चर्चा और पारण होगा।