अंबुजा और एसीसी प्लांट बंद होने के बाद अब प्रदेश में बाहरी राज्यों से सीमेंट की सप्लाई मंगवानी पड़ रही है। बीते दो दिन से सोलन, शिमला, किन्नौर, सिरमौर समेत अन्य जिलों में 100 से ज्यादा गाड़ियां सीमेंट की बाहर से मंगवाई गई है। इसमें एसीसी सीमेंट हरियाणा के सूरजपुर गोदाम से मंगवाया जा रहा है। जबकि, अंबुजा सीमेंट की सप्लाई अभी भी नालागढ़ प्लांट से दी जा रही है। अचानक हिमाचल से डिमांड जाने के बाद सूरजपुर गोदाम में लंबी कतारें लग रही है। यहां पर एक गाड़ी को भरवाने के लिए तीन से चार घंटे का समय लग रहा है।
इसमें ज्यादातर गाड़ियां हिमाचल की रहती हैं। डीलरों के अनुसार अचानक प्रदेश में सीमेंट की मांग बढ़ गई है। ऐसे में वह रोजाना सीमेंट की गाड़ियां मंगवा रहे हैं। उधर, सीमेंट डीलर आशु गुप्ता ने बताया कि पहले वह सीमेंट दाड़लाघाट से मंगवाते थे, मगर अब अंबुजा सीमेंट नालागढ़ से मंगवाना पड़ रहा है। वहीं, एसीसी सीमेंट के डीलर निशांत गोयल ने कहा कि वह अब सूरजपुर गोदाम से सीमेंट की सप्लाई मंगवा रहे हैं।