फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल: मुकेश अग्निहोत्री बोले- हरोली में पानी समस्या पर 500 करोड़ खर्च का लक्ष्य

Fri, 30 Oct 2026 05:13 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, हरोली (ऊना)।

सार

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में पेयजल उपलब्धता और खेतों की सिंचाई लंबे समय से चुनौती रही है। वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने वाली योजनाओं पर काम हो रहा है। 
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा है। इसमें से करीब 350 करोड़ रुपये पहले ही खर्च किए जा चुके हैं। शुक्रवार को उन्होंने 36 करोड़ रुपये की पेयजल, सिंचाई और सीवरेज योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में पेयजल उपलब्धता और खेतों की सिंचाई लंबे समय से चुनौती रही है। वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने वाली योजनाओं पर काम हो रहा है। लगभग 101 करोड़ रुपये की योजना के तहत 136 पुराने ट्यूबवेलों की री-ड्रिलिंग की जा रही है। इसमें 50 नए जल भंडारण टैंकों का निर्माण और पाइपलाइन बिछाने का भी प्रावधान है।

विज्ञापन


बीत क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए करीब 75 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे पालकवाह से बटकलां तक की जमीन को सिंचाई का लाभ मिलेगा। इसके लिए मुख्य पंप हाउस बनाया जा रहा है, जिसमें सौर ऊर्जा का उपयोग भी होगा। हरोली विधानसभा क्षेत्र में अब तक 88 जल भंडारण टैंक तैयार हो चुके हैं। 50 अन्य टैंक बनाए जाएंगे, जिससे पानी के भंडारण की क्षमता बढ़ेगी। पंडोगा क्षेत्र के लिए 100 करोड़ रुपये की एक योजना स्वीकृति के करीब है।

वित्तीय चुनौतियों पर विपक्ष को घेरा
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली में 18 पुलों का निर्माण किया जा रहा है। सभी छूटे हुए संपर्क मार्गों को जोड़ने का काम भी जारी है। केंद्र से मिलने वाली धनराशि में प्रदेश का भी निर्धारित हिस्सा शामिल होता है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने वित्तीय कठिनाइयों में सहयोग नहीं किया। राजस्व घाटा अनुदान और जीएसटी मुआवजे में कमी से प्रदेश के संसाधनों पर असर पड़ा है। मुकेश अग्निहोत्री ने जोर दिया कि राज्यों को करों में निर्धारित हिस्सा मिलना उनका अधिकार है। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार विकास की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास कर रही है।

विज्ञापन
Trending Videos

हरोली में 36.05 करोड़ की 10 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार को 36 करोड़ पांच लाख 62 हजार रुपये की 10 विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर आठ योजनाएं जनता को समर्पित कीं, जबकि दो नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। लोकार्पित आठों योजनाओं से कुल 205 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, वहीं 24.10 करोड़ से बनने वाली टाहलीवाल की सीवरेज योजना से करीब पांच हजार लोगों को लाभ पहुंचेगा। उपमुख्यमंत्री ने टाहलीवाल नगर की सीवरेज योजना का शिलान्यास किया। 24 करोड़ 10 लाख 44 हजार की लागत से बनने वाली इस योजना से करीब पांच हजार लोगों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही तीन करोड़ 30 लाख 29 हजार रुपये की लागत से टाहलीवाल की पुरानी जलापूर्ति योजना के हेरिटेज ढांचे के संरक्षण कार्य, नए पंप हाउस के निर्माण, चाहरदीवारी तथा जल शक्ति विभाग की योजना परिसर में नाली निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी। उन्होंने गोंदपुर जयचंद के बेहली में एक करोड़ 10 लाख रुपये, अपर क्षेत्र में एक करोड़ 24 लाख, नंगल कलां में एक करोड़ 25 लाख, बिलना में एक करोड़ चार लाख तथा अजौली में एक करोड़ आठ लाख की लागत से तैयार लिफ्ट सिंचाई योजनाओं का लोकार्पण किया। इन पांचों योजनाओं से 124 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

 
विज्ञापन

इसके अतिरिक्त कांटे में 96 लाख, हरोली में सहकारी सभा के निकट एक करोड़ सात लाख 89 हजार तथा खड्ड में ट्यूबवेल नंबर 32 के स्रोत, राइजिंग मेन और वितरण प्रणाली में सुधार के लिए 90 लाख की लागत से किए गए कार्यों का भी लोकार्पण किया। इन तीनों कार्यों से क्रमशः 26, 30 और 25 हेक्टेयर क्षेत्र को लाभ मिलेगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने टाहलीवाल स्थित वर्ष 1949 में स्थापित ऐतिहासिक लाजपत राय वाटर वर्क्स परिसर का भी निरीक्षण किया। योजना के ऐतिहासिक ढांचे के संरक्षण कार्य, नए पंप हाउस, चारदीवारी और परिसर में नाली निर्माण के कार्यों पर 3 करोड़ 30 लाख 29 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह औजला व सुलिंदर पाल कौर, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय, कांगड़ के प्रधान विनोद बिट्टू, लोअर पंजावर के प्रधान प्रमोद कुमार, पालकवाह की प्रधान अंजना कुमारी, भैणी खड्ड की प्रधान वंदना देवी, अप्पर खड्ड की प्रधान उर्मिला देवी, धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी, हिमकैप्स के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद, हरोली की पूर्व प्रधान रमन कुमारी, मुख्य अभियंता रोहित दूबे, अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान, अधिशासी अभियंता पुनीत शर्मा और हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कौशल सहित अन्य पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें