हिमाचल के मंडी जिले के करसोग-छतरी सड़क मार्ग पर एक नैनो कार खाई में गिरने के बाद आग का गोला बन गई। हादसे में चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। रविवार रात को अस्सी मीटर गहरी खाई में गिरी कार से आग की लपटें देख आस पास के ग्रामीण बचाव कार्य को भागे।
लेकिन आग की प्रचंड लपटें बुझाई नहीं जा सकीं। मृतक की पहचान दूनीचंद उम्र 31 साल पुत्र मंगतराम गांव सलोग डाकघर कटवाहची उप तहसील पांगणा के रूप मे हुई है। कार में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चालक कार लेकर छतरी से करसोग की तरफ आ रहा था। नैहरा के पास पहुंचते ही चालक का कार से नियंत्रण खो गया। इसी दौरान कार सड़क की एक तरफ खाई में जा गिरी। ढलान से तेज गति में नीचे गिरते ही कार में आग लग गई।