कुल्लू के ढालपुर में 14 अगस्त को हिलोपा का भाजपा में विलय होगा।
हिमाचल लोकहित पार्टी का भाजपा में विलय करने का विरोध करने वालों के खिलाफ हिलोपा के नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के युवा सेना अध्यक्ष गौरव शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्यामा शर्मा, कोर ग्रुप सदस्य दौलत राम शर्मा, शिमला जिला अध्यक्ष श्याम लाल पिरटा, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी मानव शर्मा ने कहा है कि विलय को लेकर पार्टी संविधान को ध्यान में रखते हुए सारी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
पार्टी के अध्यक्ष की तरफ से चुनाव आयोग को भी पत्र भेजा गया है, जिसमें उन्होंने हिलोपा का विलय भाजपा में करने की बात कही है। पार्टी के युवा सेना अध्यक्ष गौरव शर्मा ने कहा है कि हिलोपा की पहचान 14 अगस्त को भाजपा में विलय के साथ ही खत्म हो जाएगी। कुछ लोग भ्रांतियां फैला रहे हैं कि हिलोपा की मीटिंग कॉल करके नया अध्यक्ष चुना जाएगा।
गौरव शर्मा ने कहा कि ऐसे लोगों से निवेदन है और उनको सलाह भी है कि जब पार्टी की कानूनी पहचान ही खत्म हो जाएगी तो इस तरह की बातें करना बेवकूफी है। पदाधिकारियों की बैठक में उन लोगों के भी हस्ताक्षर हैं, जिसमें अध्यक्ष महेश्वर सिंह को पार्टी विलय करने के लिए अधिकृत किया गया है।
गौरव शर्मा ने कहा कि अगर दो-चार लोग भाजपा में नहीं जाना चाहते तो न जाएं उनके पास विकल्प खुले हैं। इसके बावजूद अगर कोई हिलोपा के नाम पर मीटिंग व कुछ और करता है तो वह असंवैधानिक और अवैध होगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि वह हिलोपा का भाजपा में विलय किए जाने के फैसले पर अध्यक्ष महेश्वर सिंह का धन्यवाद करते हैं।
कुल्लू में हिलोपा का प्रदेश स्तरीय जनरल हाउस बुलाया गया था जिसमें सभी ने अध्यक्ष महेश्वर सिंह को पार्टी विलय और पार्टी हित में फैसला लेने के लिए अधिकृत किया था। जिसके चलते महेश्वर सिंह ने भाजपा में पार्टी के विलय का फैसला लिया है। इसका वे सब स्वागत करते हैं। 14 अगस्त को कुल्लू के ढालपुर मैदान में बड़ी जनसभा होगी।
जिसमें प्रदेश भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में हिलोपा का भाजपा में विलय किया जाएगा। सभी हिलोपा के पदाधिकारी दो-चार को छोड़कर कुल्लू के ढालपुर मैदान में 14 अगस्त को भाजपा में शामिल हो जाएंगे। इसी दिन हिलोपा की पहचान खत्म हो जाएगी, जिसकी सारी कागजी कार्रवाई अध्यक्ष महेश्वर सिंह के मौजूदगी में संपन्न कर दी गई है।