शिमला पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने रोहड़ू क्षेत्र में एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ पकड़ा और आगे की जांच में लखनऊ का एक मुख्य सप्लायर भी गिरफ्तार हो गया। पुलिस के अनुसार, 15 मार्च 2026 को थाना रोहड़ू की टीम गश्त पर थी। तब एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 9.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान सार्थक सूद (29 वर्ष) के रूप में हुई, जो गांव समाला, रोहड़ू, जिला शिमला का रहने वाला है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। सार्थक से पूछताछ और गहन जांच शुरू की गई। पुलिस ने उसके बैंक खाते, मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की।
जांच में पता चला कि रोहड़ू और चिड़गांव क्षेत्र में चिट्टा तस्करी का एक संगठित गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह लोकेशन बेस्ड डिलीवरी का तरीका इस्तेमाल करता था। यानी ग्राहक की डिमांड आने पर छोटी-छोटी मात्रा में चिट्टा अलग-अलग जगहों पर रखवा दिया जाता था।