प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग के चार वाहन पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद करीब 9 घंटे में पूरी तरह से काबू पाया गया। इसमें सेना के जवानों, एयरफोर्स व कसौली प्रशासन ने भी मदद की। आग से जो दुकानें जली उसमें तीन गिफ्ट शॉप, दो फास्ट फूड शॉप, मेडिकल व जनरल स्टोर, मोमोज और स्वीट शॉप शामिल हैं। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह 4:30 बजे जब सिलिंडरों में धमाके शुरू हुए तो स्थानीय लोगों को इसका पता चला।
तुरंत पुलिस थाना कसौली को सूचना दी। अग्निशमन विभाग को सूचित किया। इसके बाद परवाणू व सोलन से अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां पहुंचीं। हालांकि, संकरी गलियां होने के कारण आग तक पहुंचना विभाग की टीम के लिए मुश्किल रहा। इस दौरान छावनी क्षेत्र में लगे फायर हाइड्रेंट जाम होने से भी आग पर काबू पाने में देरी हुई। दोपहर 12:30 बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह, डीएसपी अनिल शर्मा व तहसीलदार कसौली जगपाल सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी व पूर्व विधायक डॉ. राजीव सैजल ने घटनास्थल का जायजा लिया और प्रभावित कारोबारियों व उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। उधर, एसडीएम कसौली महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कसौली की हेरिटेज मार्किट में आग लगने से आठ दुकानें जलकर राख हो गई हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले में जांच बिठा दी गई है। प्रभावितों को फौरी राहत राशि दे दी गई है।