जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में इन दिनों स्नो लैपर्ड देखे जा रहे हैं। पिछले माह स्पीति में भी एक साथ तीन से चार स्नो लैपर्ड देखे गए थे। अब लाहौल के बिलिंग गांव के समीप पहाड़ी पर तीन स्नो लैपर्ड दिखे हैं। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कुछ रोज पहले तीन स्नो लैपर्ड मूलिंग पुल से छुरपक स्थित पेट्रोल पंप के बीच सड़क पर भी घूमते हुए देखे गए थे और लोगों ने इनका भी वीडियो बनाया था।
विज्ञापन
हालांकि इन दिनों लाहौल में आईबैक्स को करीब से देखने के लिए लोग बेताब रहते हैं, लेकिन घाटी में स्नो नैपर्ड को देखा जा रहा है, जो प्रकृति के लिए अच्छी खबर है। स्नो लैपर्ड को देखने के बाद अब वन विभाग भी हरकत में आ गया और इन जीव जंतुओं की सुरक्षा को लेकर पेट्रोलिंग को भी बढ़ा दिया है।
स्नो लैपर्ड की मौजूदगी को भी घाटी के वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है। वनमंडलाधिकारी लाहौल दिनेश शर्मा ने कहा कि यह वाइल्ड लाइफ टूरिज्म के लिए शुभ संकेत हैं। शर्मा ने बताया कि वन विभाग की पेट्रोलिंग टीम इन पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने अपील की है कि इन जीवों से किसी तरह का छेड़छाड़ न करें।