मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि मैं सातवीं बार सीएम बनूं या नहीं, लेकिन कांग्रेस फिर सत्ता में आएगी। कांग्रेस में गुटबाजी के भाजपा के आरोप पर उन्होंने कहा कि गुटबाजी भाजपा में है। भाजपा में सीएम की दौड़ में 15 लोग हैं। कांग्रेस में ऐसा नहीं है।
सीएम कुल्लू में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। ढालपुर में सीएम वीरभद्र सिंह ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। मतभेदों को भुलाकर और एकजुट होकर आगे बढ़ना है। सबसे बड़ी लड़ाई टिकटों पर होती है।
इससे घर बंट जाते हैं। हर हलके से एक को ही टिकट मिल सकता है। टिकट के लिए सभी कोशिश करें। बाद में टिकट मिलने वाले के पीछे चलकर उसे कामयाब बनाना है। कुल्लू में कांग्रेस कभी हार नहीं सकती, लेकिन टिकट की वजह से एक सीट पर दो कांग्रेसी खड़े हो जाते हैं।