किन्नौरी सेब को इस सीजन में अच्छे रेट नहीं मिल रहे। मार्केट में गिरावट के कारण बागवानों को अपनी उपज औने पौने दामों में बेचनी पड़ रही है। किन्नौरी सेब को अधिकतम 1100 रुपये प्रति पेटी रेट मिल रहे हैं। किन्नौर का सेब दिल्ली, चंडीगढ़, परवाणू और नारकंडा में बिकता है। किन्नौर की पांगी पंचायत के पूर्व प्रधान मानचंद नेगी ने बताया कि इस बार पिछले साल के मुकाबले बागवानों को आधे ही रेट मिले हैं।
इससे बागवान निराश हैं। कल्पा के भूपेंद्र सिंह का कहना है कि इस सीजन में किन्नौरी सेब की डिमांड कम है, जिसकी वजह से रेट भी नहीं मिल पा रहे हैं। कल्पा शुद्धरंग के बागवान कुलवंत नेगी ने बताया कि हर साल मार्केट में किन्नौरी सेब की डिमांड रहती थी। लोग मार्केट में किन्नौरी सेब ढूंढते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। सांगला पंचायत के प्रधान सचिन नेगी का कहना है कि अधिकतर किन्नौरी सेब मार्केट में पहुंच चुका है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अब बहुत कम फसल बची है। फसल के अच्छे रेट न मिलने से बागवान मायूस हैं। अधिकतर कोल्ड स्टोर पहले ही फुल हो चुके हैं, जिसके चलते अब किन्नौरी सेब को स्टोर करने की जगह नहीं मिल पा रही। स्टोरेज न होने की स्थिति में किन्नौरी सेब के जल्द खराब होने का खतरा है। इसलिए खरीदार किन्नौरी सेब खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे।