हिमाचल प्रदेश के पुलिस थाना शाहपुर के तहत सोमवार सुबह करीब 9 बजे एचआरटीसी के नगरोटा डिपो की बस अचानक बेकाबू होकर 15 से 20 फीट सड़क के नीचे लुढ़क गई। हादसे में पांच सवारियों को गंभीर चोटें आई हैं। घायल यात्रियों में से एक को शाहपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस सुबह नगरोटा बगवां से वाया धर्मशाला होकर पठानकोट की तरफ जा रही थी।
बस में 27 सवारियां बैठी हुई थी, इस दौरान शाहपुर में बस अचानक बेकाबू होकर 15 से 20 फीट सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे में 5 सवारियों को गंभीर चोटें आई हैं। रिप्ता कुमारी पत्नी संदीप शर्मा निवासी बंडी डाकखाना नागपट्टन को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर किया गया है। रीता कुमारी पत्नी राजेश कुमार निवासी झियोल, कुलदीप चंद पुत्र जोधा राम निवासी भनाला, सुरेश कुमार पुत्र धनीराम निवासी दरगेला, काजल कुमारी पत्नी नरेंद्र सिंह गांव मेंदडू डाकघर कटौरा तहसील देहरा भी घायल हुए हैं। थाना प्रभारी हेमराज ने मामले की पुष्टि की है।