हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने स्नातक डिग्री कोर्स की बीए, बीएससी, बी-कॉम प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की अप्रैल माह में प्रस्तावित वार्षिक परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की समय सीमा को बढ़ा दिया है। अब परीक्षार्थी 20 मार्च तक बिना किसी लेट शुल्क के परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। विवि के इस फैसले से विवि से संबंद्ध कॉलेजों के ऐसे छात्र जो परीक्षा फॉर्म तय समय अवधि के भीतर नहीं भर पाए हैं, उन्हें राहत मिली है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार के फैसले के अनुरूप बंद किए गए कम संख्या वाले कॉलेजों से नजदीकी कॉलेजों में शिफ्ट हुए छात्र भी अपना पंजीकरण विवि में करवाकर परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। परीक्षा फॉर्म भरने की तिथी 20 मार्च तक बढ़ाने को लेकर विवि के प्रति कुलपति प्रो. ज्योति प्रकाश की मंजूरी मिलने के बाद विवि ने अधिसूचित कर दिया है। विवि के अतिरिक्त परीक्षा नियंत्रक नंत राम चौहान ने कहा कि 20 मार्च तक तय की गई अंतिम तिथि तक परीक्षा फॉर्म भरने पर यूजी के रेगुलर और इक्डोल के विद्यार्थियों से कोई विलंब शुल्क नहीं ली जाएगी। उन्होंने कहा कि बंद हुए कॉलेजों के छात्रों के लिए ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि बढ़ाई गई है। छात्र संगठनों की ओर से भी फॉर्म भरने की समय सीमा को बढ़ाने की मांग लगातार की जा रही थी।
एसपीयू मंडी में पीएचडी को प्रवेश परीक्षा 19 मार्च को
सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी विभिन्न विभागों में पीएचडी के लिए 19 मार्च को सुबह 11:00 बजे से लेकर 12:30 बजे तक पीएचडी की प्रवेश परीक्षा करवाएगी। यह परीक्षा सरदार पटेल विश्वविद्यालय के विवेकानंद भवन में करवाई जाएगी। परीक्षा में शॉर्टलिस्ट किए गए 150 अभ्यार्थियों हिस्सा लेंगे। पात्र आवेदनों के अनुसार आवेदकों की ओर से दी गई ईमेल पर इनके एडमिट कार्ड भेजे जा चुके हैं। आवेदक एडमिट कार्ड पर अपने पासपोर्ट साइज फोटो और साथ में अपना कोई भी पहचान पत्र जैसे आधारकार्ड, पैन कार्ड, वोटर आई कार्ड आदि साथ लाना तय करें। पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा, अन्यथा परीक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में शॉर्टलिस्ट किए गए विभाग में परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों में बॉटनी विभाग में पीएचडी के लिए 23 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, वही जूलॉजी में 22 अभ्यर्थियों ने, केमिस्ट्री में 33 ने, फिजिक्स में 26, हिस्ट्री में 14, मैनेजमेंट में 32 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। उधर, एसपीयू के परीक्षा नियंत्रक सुनील वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी सभी दस्तावेजों के साथ परीक्षा देने पहुंचे।