कोरोना के चलते पिछले करीब छह महीने से बंद पड़े मनाली के होटल गुरुवार से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहे हैं। मनाली में दो हजार होटलों और होम स्टे में फिर से रौनक लौटेगी। होटल खुलने से एक बार फिर कोठी, गुलाबा, सोलंगनाला और हिडिंबा माता सहित कई दर्शनीय स्थलों में पहले की तरह पर्यटक उमड़ते नजर आएंगे। कोरोना के चलते बेरोजगार बैठे सैकड़ों युवाओं को भी आजीविका चलाने का अवसर मिलेगा। इतना ही नहीं होटलों में चहल-पहल बढ़ने से सरकार के खजाने को लाखों रुपये का टैक्स, बिजली और पानी के चार्ज के रूप में मिलेगा। पर्यटकों की संख्या शुरू होने से बैंकों से लाखों रुपये का लोन लेकर बैठे टैक्सी चालकों को अब कमाई की उम्मीद जगी है। इतना ही नहीं सैलानियों के आने से रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाडिंग करने वालों का कारोबार भी रफ्तार पकड़ेगा।