विधायक ऐच्छिक निधि के कथित दुरुपयोग मामले में विजिलेंस ने अब तक सात लाभार्थियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शेष लाभार्थियों के बयान और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा। दूसरी ओर होशियार सिंह ने वीडियो जारी कर कहा है कि वह जांच से नहीं डरते और उनके खिलाफ परिवार के भीतर चल रहे कारोबारी विवाद को राजनीतिक रंग देकर साजिश रची जा रही है। विजिलेंस थाना धर्मशाला में दर्ज प्राथमिकी के तहत 16 लाभार्थियों में से सात के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। सभी लाभार्थी देहरा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े हैं और पूर्व विधायक की कंपनी में कार्यरत बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसी शेष लाभार्थियों के बयान दर्ज करने और संबंधित दस्तावेज जुटाने की प्रक्रिया में लगी है। इसके बाद पूर्व विधायक को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। विजिलेंस की जांच में अब तक ऐसे तथ्य सामने आए हैं कि वर्ष 2023-24 के दौरान लाभार्थियों के बैंक खातों में विधायक ऐच्छिक निधि से सहायता राशि जमा हुई। आरोप है कि राशि निकालने के बाद लाभार्थियों ने पूर्व विधायक के कहने पर वही रकम उन्हें वापस सौंप दी। हालांकि, मामले की जांच कर रहे अधिकारी इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी करने से बच रहे हैं। इस मामले की शुरुआत दो कर्मचारियों जो पति-पत्नी हैं, उनकी शिकायत से हुई थी। जांच आगे बढ़ने पर 14 अन्य लाभार्थियों के नाम भी सामने आए। आरोप है कि वर्ष 2023 में कर्मचारियों के खातों में छह लाख और वर्ष 2024 में सात लाख रुपये सहायता राशि जमा करवाई गई, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।