न्यायिक भवन का लोकार्पण करते हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राजीव शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राजीव शर्मा ने धर्मशाला न्यायिक परिसर में 7 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त न्यायिक भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश उच्च न्यायालय लोगों को त्वरित न्याय प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। न्यायालय ने अनेक कदम उठाए हैं।
जिला एवं खंड स्तर पर न्यायिक अधोसंरचना के विकास पर विशेष बल दिया गया है। न्याय प्रक्रिया को गतिशील बनाने के दृष्टिगत मूलभूत सुविधाओं के विकास सहित आधुनिक तकनीक के समुचित प्रयोग पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित भवन में लिफ्ट एवं कैंटीन की सुविधा के लिए संबंधित अधिकारियों को कहा गया है।
अधिवक्ताओं की मांग पर उन्होंने कहा कि धर्मशाला में उच्च न्यायालय का सर्किट बैंच स्थापित करने के बारे में भी गंभीरता से विचार किया जाएगा। इससे जिला कांगड़ा, चंबा जिले के गरीब लोगों को घर के समीप न्याय लेने में सुविधा होगी। इससे पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएल शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
समारोह में उपभोक्ता कोर्ट के न्यायाधीश केके शर्मा, वक्फ न्यायालय के न्यायाधीश डीआर ठाकुर सहित जिला के विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक अधिकारी, अतिरिक्त उपायुक्त राकेश शर्मा, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, बार कौंसिल के अध्यक्ष टेक चंद राणा सहित अधिवक्ता, जिला प्रशासन के अधिकारी व अन्य उपस्थित रहे।