हिमाचल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऊना के पंडोगा में एक युवक स्वां नदी के तेज बहाव में बह गया तो कांगड़ा के लंज की डडोली पंचायत में मणिमहेश यात्रियों से भरी जीप खड्ड में फंस गई।
कड़ी मशक्कत के बाद यात्रियों को खड्ड से निकाला गया। हमीरपुर के धनेटा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हथोल के करीब दो दर्जन छात्र मान खड्ड में बहने से बाल-बाल बच गए।
खड्ड किनारे बने स्कूल में सुबह जैसे ही साईं गांव के बच्चे पहुंचे तो खड्ड में पानी बढ़ गया। अचानक जलस्तर बढ़ता देख बच्चों और अभिभावकों ने भागकर अपनी जान बचाई। परवाणू-शिमला हाईवे पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं।
ग्रामीण इलाकों में डंगे गिरने से आवाजाही ठप
सोलन के आसपास ग्रामीण इलाकों में डंगे गिरने से आवाजाही ठप है। गिरि व अश्वनी खड्ड में गाद से शहर की पेयजल सप्लाई ठप हो गई है। ऊना के कई गांवों में खेतों में पानी भरने से मक्की की फसल तबाह हो गई है। कई गांवों में पानी के बहाव से सड़कें टूट गई हैं।
सिरमौर के संगड़ाह क्षेत्र की तीन दर्जन से अधिक पंचायतों में बिजली आपूर्ति बाधित है। बिलासपुर में झंडूता-शाहतलाई मार्ग बंद है। मांडवा पुल के पास जेसीबी में सवार दो लोग चट्टान की चपेट में आने से बाल-बाल बचे। मांडवा पुल से होकर जाने वाला रास्ता बरसात खत्म होने तक बंद कर दिया गया है।
रविवार को भी बारिश के आसार
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में रविवार को भी बारिश के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 अगस्त तक प्रदेश में बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है।
शनिवार को शिमला में अधिकतम तापमान 19.0, धर्मशाला में 28.8, ऊना में 29.0, सोलन में 22.5, नाहन में 24.1, कांगड़ा में 29.5, सुंदरनगर में 25.1, भुंतर में 24.0, कल्पा में 20.0, हमीरपुर में 34.3, मंडी में 30.1 और बिलासपुर में 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।