डेढ़ साल पूर्व पहले बैच में भर्ती हुआ था निखिल
जम्मू के अखनूर क्षेत्र के टांडा में तैनात हमीरपुर के अग्निवीर की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। गोली लगने से अग्निवीर की मौत हुई है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि अग्निवीर को गलती से गोली लगी है या फिर यह आत्महत्या का मामला है। सेना की ओर से मौत को लेकर को कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है और स्थानीय प्रशासन को भी कोई सूचना नहीं दी गई है। 23 वर्षीय निखिल 18 महीने पहले ही अग्निवीर के तौर पर सेना में भर्ती हुआ था। वह अविवाहित था।
ट्रेनिंग करने के बाद इन दिनों अखनूर सेक्टर में सेवारत था। अखनूर क्षेत्र के टांडा में सेना इकाई में अग्निवीर निखिल डढवाल निवासी लाहलड़ी जिला हमीरपुर को ड्यूटी के दौरान बुधवार शाम 6:30 बजे गोली लगी। शाम को यूनिट के अन्य लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। वह उस ओर दौड़े जहां से आवाज आई थी और निखिल को घायल अवस्था में पड़ा हुआ पाया। साथी जवानों ने उसे पास के सैन्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ने कहा कि सेना की ओर से मामले की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।