हिमाचल स्थित बिलासपुर जिले के जीपीएस नंद स्कूल ने स्वच्छ भारत पुरस्कार के तहत देशभर में सबसे अधिक 98.9 फीसदी स्कोर हासिल किया है।
ग्रामीण इलाके के इस स्कूल को ‘बहुत अच्छा’ श्रेणी की टिप्पणी भी मिली है। वर्ष 2016-17 के तहत इस वर्ष देशभर के 172 सरकारी स्कूलों ने स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार का अवार्ड जीता है।
खास बात यह है कि इन स्कूलों में उत्तर प्रदेश का एक भी स्कूल शामिल नहीं है। हालांकि विजेता स्कूलों में हिमाचल के आठ, उत्तराखंड का एक, हरियाणा के चार, पंजाब के तीन तो दिल्ली के पांच स्कूलों के नाम शामिल हैं।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय स्तर के स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार के तहत बुधवार को विजेता स्कूलों के नाम तय किए गए हैं।
अब एक सितंबर को इन स्कूलों के नामों की घोषणा होगी और दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उक्त स्कूल प्रबंधन को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार में ग्रामीण और शहरी वर्ग के तहत अवार्ड मिलेगा।