कोविड-19 के संक्रमण से निपटने के लिए अब हिमाचल सरकार आर्मी मेडिकल अफसरों की मदद लेगी। सरकार ने सैन्य और अर्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त या रिलीज हुए सभी चिकित्सा अधिकारियों, संकाय सदस्यों और पैरा मेडिकल स्टाफ को चिकित्सा अधिकारी और पैरा मेडिकल स्टाफ के पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव दिया है। यह प्रस्ताव 1 अप्रैल 2020 से अगले आदेशों तक प्रभावी रहेगा।
उनके पास समकक्ष या एनालॉग पद पर काम के अनुभव के साथ इन पदों पर नियुक्ति के लिए निर्धारित न्यूनतम शैक्षणिक, व्यावसायिक योग्यता और क्वालिफाइंग सेवा होनी चाहिए। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रस्ताव पूरी तरह से अस्थायी आधार पर एक स्टॉप गैप व्यवस्था के रूप में है और बिना किसी नोटिस दिए या कोई कारण बताए बिना समाप्त या वापस लिए जा सकता है। उन्हें पद के न्यूनतम वेतन बैंड और ग्रेड वेतन के बराबर निर्धारित मासिक वेतन या मानदेय का भुगतान किया जाएगा।