मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज के सामने बहुत बड़ी चुनौती है। ऐसे में नशे की तस्करी से अर्जित की गई अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी।
सुक्खू सरकार हिमाचल में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कानून बनाने जा रही है। बजट सत्र में ही इसको लेकर बिल लाया जा रहा है। इसके बाद इसे कानून बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बजट भाषण में कहा कि मादक पदार्थों की सुनियोजित तस्करी को रोकने और अपराधियों को पकड़ने के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज के सामने बहुत बड़ी चुनौती है। ऐसे में नशे की तस्करी से अर्जित की गई अवैध संपत्ति जब्त की जाएगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कहा कि शहरी क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों को आवासीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए वर्तमान पुलिस स्टेशन भवनों के ऊपर या आसपास की भूमि पर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। पुलिस के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दिया जाएगा। अपराधियों, अपराधों और खनन संबंधित गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के लिए पुलिस फोर्स ड्रोन का प्रयोग करेगी।