सरकार ने 2250 विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश सरकार ने डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत 2250 विद्यार्थियों को मिलने वाले वजीफे में दो हजार रुपये की बढ़ोतरी की है।
अनुसूचित जाति के 1250 और ओबीसी के 1000 विद्यार्थियों को अब सालाना 10 के बजाय 12 हजार रुपये वजीफा मिलेगा। सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
वजीफे के लिए दसवीं कक्षा की मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। स्कूल प्रभारियों के माध्यम से राशि लेने के लिए आवेदन करने होंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आंबेडकर जयंती पर वजीफा बढ़ाने की घोषणा की थी।
मुख्यमंत्री के आदेश पर निदेशालय ने वजीफा देने के लिए अनुसूचित जाति से 250 विद्यार्थियों की संख्या भी बढ़ाई है। पहले एक हजार विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति दी जाती थी।
उच्च शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के अनुसार दसवीं की मेरिट के आधार पर वजीफे के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। जमा एक और जमा दो कक्षा के दौरान दो साल के लिए वजीफा राशि दी जाएगी।
जमा एक के परीक्षा परिणाम के आधार पर पात्र विद्यार्थियों की जमा दो कक्षा में भी वजीफा राशि जारी रहेगी। स्कूल प्रभारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अनुसूचित जाति और ओबीसी वर्ग का कोई भी विद्यार्थी आवेदन करने से नहीं छूटना चाहिए।