हिमाचल सरकार ने लाखों बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली बिल न भरने पर 31 मई तक कनेक्शन नहीं काटने का फैसला लिया है। इसके अलावा औद्योगिक, वाणिज्यिक और कृषि उपभोक्ताओं को 31 मई तक बिल जमा करवाने पर एक फीसदी की छूट देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस के चलते उपभोक्ताओं को विभिन्न रियायतें मिलेंगी। फरवरी 2020 की खपत के लिए मार्च 2020 की विद्युत खपत के लिए अप्रैल, 2020 में जारी बिलों का बिना किसी देरी भुगतान सरचार्ज के 30 अप्रैल 2020 तक बढ़ा दिया है।
पहले बिना सरचार्ज बिल जमा करवाने की तारीख 24 अप्रैल थी। अप्रैल में की गई बिजली की खपत का बिल मई में भेजा जाएगा। उसकी अदायगी बिना सरचार्ज 31 मई तक की जा सकेगी। मई की खपत के लिए जून में बिल भेजा जाएगा। इसे 30 जून तक और जुलाई, अगस्त और सितंबर में तीन समान किस्तों में दिया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा किराज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड सभी उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की निरंतर सुनिश्चित करेगा और 31 मई तक बिजली के बिलों का भुगतान नहीं होने की स्थिति में किसी का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को ये रियायतें देने का निर्णय कोविड-19 महामारी के कारण होने वाली आर्थिक समस्याओं के दृष्टिगत लिया गया है।