हिमाचल में अब पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले दो सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में आर्ट्स के अलावा साइंस और कॉमर्स विषय भी पढ़ाए जा सकेंगे। प्रदेश सरकार ने आठ किलोमीटर दूरी की शर्त में बदलाव किया है। पुराने ही नहीं अपग्रेड स्कूलों में भी इसी सत्र से ये व्यवस्था लागू होगी। इससे प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों के हजारों छात्रों को घर के नजदीकी स्कूल में अपना पसंदीदा विषय की सुविधा होगी। शिक्षा विभाग ने सभी उप निदेशकों को 31 मई तक ऐसे स्कूलों की सूची भेजने के निर्देश दिए हैं।
कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रदेश सरकार सीनियर सेकेंडरी स्तर की शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव करने जा रही है। पांच किलोमीटर के दायरे में दो स्कूलों में साइंस और कॉमर्स की भी पढ़ाई होगी। हालांकि, इन विषयों में तय मानकों के अनुसार छात्रों की संख्या होना जरूरी है। छात्रों की संख्या के आधार पर ही लेक्चरर की तैनाती और युक्तिकरण होगा। नए अपग्रेड स्कूलों में पांच पीजीटी तैनात किए जाएंगे। उन्हें हर सप्ताह 36 पीरियड पढ़ाने होंगे।