मामले की जांच कर रहे हमीरपुर विजिलेंस के डीएसपी बीडी भाटिया के तबादला आदेश भी प्रदेश सरकार ने 24 घंटों के भीतर रद्द कर दिए हैं। अब डीएसपी बीडी भाटिया ही इस मामले की जांच करेंगे।
विजिलेंस ने सिरमौर के उपमंडल पांवटा में एक स्टोन क्रशर के मामले में एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एचएएस अधिकारी राणा समेत दो बिचौलियों को गिरफ्तार किया था।
सरकार ने सोमवार को डीएसपी भाटिया को हमीरपुर विजिलेंस से पौंग डैम एवं बीबीएमबी सुरक्षा अधिकारी के पद पर तबादला किया था। उनकी जगह देहरा के डीएसपी लालमन शर्मा को हमीरपुर विजिलेंस लगाया था, लेकिन अमर उजाला ने 5 फरवरी के अंक में रिश्वत के अति संवेदनशील मामले की
जांच के दौरान डीएसपी हमीरपुर के तबादले को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। खबर छपने के 24 घंटे के भीतर सरकार ने उनके ट्रांसफर आदेश रद्द कर दिए। आरोपी एचएएस अधिकारी एचएस राणा के चंडीगढ़ स्थित निवास, सोलन के नालागढ़ और तकनीकी विवि हमीरपुर से विजिलेंस ने कब्जे में लिए रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
एचएएस अधिकारी समेत तीनों आरोपियों को हमीरपुर कोर्ट से जमानत मिल गई है, लेकिन विजिलेंस की जांच प्रक्रिया पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और कार्रवाई जारी रहेगी।
- बीडी भाटिया, डीएसपी विजिलेंस