देश के हर बस स्टैंड पर हिमाचली फलों का जूस बेचने की योजना बनाई गई है। एचपीएमसी देश के सभी प्रदेशों में बस स्टैंडों पर जूस बार (किओस्क) स्थापित करने की तैयारी कर रहा है।
हरियाणा सरकार ने अपने प्रदेश के सभी बस स्टैंडों पर जूस बार खोलने की मंजूरी दे दी है जबकि हिमाचल के बरोटीवाला, कालका और बरवाला में जूस बार स्थापित कर दिए हैं।
ये जूस बार टोकरी के आकार में होंगे, जिसका डिजाइन विदेशों के जूस बार की तर्ज पर होगा। एचपीएमसी के जूस बार में आचार, चटनी, पैक फलों के रस और प्रोसेस्ड उत्पाद भी बेचे जाएंगे। एचपीएमसी यह काम मार्केटिंग एजेंसी ओशियानो ग्राफिक्स की सहभागिता से कर रहा है।
एचपीएमसी के इस अनूठे प्रयास से नई नौकरियों का सृजन भी होगा। बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि मार्केटिंग एजेंसी ओशियानो ग्राफिक्स के सहयोग से देश के सभी बस स्टैंडों पर एचपीएमसी के जूस बार (किओस्क) स्थापित करने की योजना है।
सभी प्रदेशों की सरकारों से जूस बार स्थापित करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। हरियाणा सरकार ने मंजूरी दे दी है, जहां जूस बार स्थापित करने का काम शुरू हो गया है।