हिमाचल बेरोजगार लाइब्रेरियन संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक जवाली में हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत धीमान ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में लाइब्रेरियनों के करीब 1200 पद रिक्त हैं। इन्हें भरने की न तो पूर्व कांग्रेस सरकार ने जहमत उठाई और न ही भाजपा सरकार ने इन्हें भरा है।
प्रदेश सरकारें पिछले 10 सालों से प्रशिक्षित बेरोजगारों से सौतेला व्यवहार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी संघ मांगों को लेकर तपोवन में मिला था। मुख्यमंत्री ने दो माह में लाइब्रेरियनों के पद भरने का आश्वासन दिया था।
अब डेढ़ साल का समय बीतने के बाद भी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। कहा कि सरकार प्रशिक्षित बेरोजगार लाइब्रेरियनों को अतिशीघ्र रोजगार मुहैया करवाए। अन्यथा प्रशिक्षित बेरोजगार लाइब्रेरियन सड़कों पर उतरेंगे और सरकार का हर मंच से विरोध करेंगे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एक बार फिर संघ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मांगों को लेकर मिलेगा। सरकार ने मांगों को नहीं माना तो समस्त बेरोजगार लाइब्रेरियन अपनी डिग्रियां सरकार को सौंप देंगे। इस मौके पर संजय कुमार, किशोरी लाल, दीपक धीमान, वरिंदर चौधरी, महेंद्र मिन्हास, मीनाक्षी आदि मौजूद रहे।