अभी किसानों को दो गुना मुआवजा राशि मिलती रही है। ऐसे में उम्मीद है कि सरकार की ओर से किसानों को चार गुना मुआवजा राशि मुहैया हो सकेगी।
इसके साथ ही हिमाचल में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिलों में महिला थानों के साथ गुड़िया और होशियार सिंह के नाम पर हेल्पलाइन की सुविधा भी नए साल में मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत राज्य के 18 से 60 वर्ष तक के लोगों को 2 लाख तक का आकस्मिक बीमा कवर, गरीब लोगों के अस्पतालों में निशुल्क चिकित्सा सुविधा और कॉलेजों में छात्रों को रूसा प्रणाली खत्म करने का तोहफा मिल सकता है।
प्रदेश सरकार का मानना है कि 800 से अधिक सेवानिवृत्त पटवारियों को भले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया हो लेकिन अब सरकार पटवारियों और कानूनगो के रिक्त पदों को भरेगी।
कोई भी ऐसा सर्किल नहीं होगा, जहां पटवारी और कानूनगो उपलब्ध न हों। नए साल में इस योजना के सिरे चढ़ने से लोगों को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाना है। उम्मीद है कि केंद्र से राशि मुहैया होने के बाद सूबे के 700 से अधिक गांवों के लिए सड़कों का निर्माण हो सकेगा।